Tuesday, 25 February 2014

पलाश की लाली

फरवरी की सुबह,
मौसम ने U टर्न लिया है ।
जाती हुई सर्द हवाएँ लौट आई हैं,
शायद कुछ हिसाब बाकी हो ।
ऊनी कपड़े,
जो अपने कार्यक्रम के बाद,
ग्रीन रूम में जाने की तैयारी में थे,
अचानक extempore mode में आ  गए हैं ।
शायद संदूकची उनकी,
परतंत्रता की खिल्ली उड़ाती है ।
सूखे पत्तों का अम्बार है,
पलाश के नीचे ।
काले स्याह फफोलों से भरा,
ये पलाश,
एक और जवानी की राह में है ।
गालों की लाली,
पूरे बदन पर छा जाएगी ।
धूप के अभिवादन पर,
दुल्हन श्रृंगार करेगी ।
सूरज का ताप बढ़ेगा,
और नई पत्तियों को जन्म देने के दर्द में,
लालिमा पेशानी से उतर कर,
पैरों में गिर जाएगी ।
सुर्ख़ लाल खून का एक आँसु,
टपक चुका है ।
इस खून की होली में
ज़मीन आसमान एक से लाल हो जाएंगे,
सर्दियों को विधिवत विदा करेंगे,
और नई कोपलों के श्रृंगार में,
पलाश फिर हरा भरा हो जाएगा ।




Sunday, 23 February 2014

धूल

हाथ इस कदर गंदे हैं
कूची कलम तो झाड़ पोंछ दी
रंगों से धूल जाती ही नहीं ।

तकिए का किला मज़बूत है
उसके आगे एक लाँन भी है
मिट्टी से मगर गेहूँ की खुशबू जाती ही नहीं ।

चलते चलते दूर आ गए हैं
क्या क्या नहीं पाया, लेकिन
जो खोया है उसकी याद जाती ही नहीं ।

Monday, 17 February 2014

ईमान

ईमान का भाव गिर गया है

खरीद लीजिए ।

हमें कौन सा रखना है सम्भालकर,

भाव बढ़ते ही

बेच दीजिए ।

Sunday, 16 February 2014

ईमान


दो कौड़ी एक,

 दो कौड़ी दो,

 दो कौड़ी तीन ।

 मेहरबान, कद्रदान, साहिबान,

 और इस तरह होता है आपका,

 दो कौड़ी में,

 ईमान ।

Sunday, 9 February 2014

प्लूटो


मुझसे क्या चाहता हैै नहीं बोलता ।
एकटक देखता रहता है ।
मेरी गोद में आ कर बस जाए बस यही सवाल करता है ।
अपने दर्द को भुलाकर मेरी शान की आज भी गवाही देता है ।
 ज़रज़राते पैैर बहुत भारी हो गए हैं,
दिल में हक से रहता है ।
उम्र के बढ़ते ट्रैफिक में ज़िंदगी और मौत की रस्साकसी ज़ारी है ।
ख़ुदा का लिहाज़ न होता
 तो मेरा दिल भी फूट फूट कर रोता ।
किसी दिन ये भी खाली मिठाई का डिब्बा रह जाएगा,
 और हम 'डायबिटीज़' के साथ आगे चल देंगे ।